तेहरान का कहना है कि बावर-373 वायु रक्षा प्रणाली अमरीकी पैट्रियट मिसाइलों के पूरी सफलता के साथ टक्कर दे सकती है।
ईरान ने इसी साल जून में फ़ार्स खाड़ी में अपनी वायु सीमा का उल्लंघन करने वाले अमरीका के सबसे आधुनिक ड्रोन को स्वदेश निर्मित वायु रक्षा प्रणाली सेव्वुम ख़ुर्दाद से मार गिराया था।
ईरान की नई वायु रक्षा प्रणाली 200 किलोमीटर की रेंज में 27 किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़ने वाले अपने टारगेट को नष्ट कर सकती है।
यह प्रणाली युद्धक विमानों, ड्रोन विमानों और सुपर सोनिक बैलिस्टिक मिसाइलों को ध्वस्त करने में सक्षम है।
ईरान के उप रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुज्जतुल्लाह क़ुरैशी का कहना है कि बावर वायु रक्षा प्रणाली एस-300 प्रतिद्वंद्वी है, जबकि कुछ अन्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह अमरीका निर्मित एमआईएम-104 पैट्रियट के साथ भी सफलतापूर्वक प्रतिस्पर्धा कर सकती है।
ईरान ने वर्ष 2010 में अपने परमाणु कार्यक्रम पर प्रतिबंधों के बाद इस प्रणाली पर काम करना शुरू किया था।
ईरान के ब्रिगेडियर जनरल क़ासिम तक़ीज़ादे का कहना है कि यह हथियार पूर्ण रूप से स्वदेश निर्मित है।
ईरान पिछले काफ़ी समय से हथियारों के निर्माण में आत्मनिर्भर बनने के मार्ग पर अग्रसर है। जून के महीने में ईरानी सशस्त्र बलों ने 15 ख़ुर्दाद मिसाइल रक्षा प्रणाली का अनावरण किया था, जो एक साथ 6 लक्ष्यों को नष्ट करने में सक्षम है। यह लम्बी दूरी तक मार करने वाले सय्याद मिसाइलों से लैस है। इसकी मारक क्षमता 120 किलोमीटर तक है।